Saturday 30 December 2017

सपना.....

  कल रात सखि ,
   देखा मैंने इक सपना
   कि,इस नए साल में
   सब हिलमिल गए हैं
    झगड़ा ,टंटा कुछ नही
आपस में प्रेम है
न जाति ,न भाषा
की बाधा है कोई
एक स्वर में
गा रहे सब
  हम एक हैं
हम एक हैं ...
  चारों ओर हरियाली है
  बागों में फुलवारी है
  बच्चों की किलकारी है
  बूढों की मुस्कान
  जोश जवानों के
सपनों में
आरक्षण का
नहीं है झंझट
  सबको मिला है
  उसका हिस्सा
  या मजदूर हो
  या हो नेता
  काश............
   न   होता ये इक सपना.......


 
  शुभा मेहता
30th December

 

Tuesday 14 November 2017

बाल दिवस

  मन करता है
  चलो आज मैं ,
फिर छोटा बच्चा बन जाऊँ
खेलूं कूदूं ,नाचूँ ,गाऊँ
  उछल उछल इतराऊँ
   मन करता है...
   खूब हँसूं मैं
    मुक्त स्वरों मेंं
     धमाचौकड़ी मचाऊँ
     फिर माँ दौड़ीदौडी़ आए
    झूठ मू की डाँट लगाए
    मैं पल्लू उसके छुप जाऊँ
   मन करता है .....
     उछल उछल कर चढूं पेड़ पर
     तोड़ कच्ची इमली खाऊँ
    झूलूं बरगद की शाखा पर
    गिरूं अगर तो झट उठ जाऊँ
     मन करता है.....
   
    शुभा मेहता
     15th Nov ,2017
   

Thursday 2 November 2017

लघु कथा.....गेट-टुगेदर

माँ ..माँ ,बड़े भैया का फोन था ,कह रहे थे इस दिवाली सब एक गेट टुगेदर रखते हैं .. ..बोलते हुए राघव ने कमरे में प्रवेश किया ।अच्छा ,सुधा की आँखे खुशी से छलछला उठी बोली ,अच्छा कब आ रहे हैं सब ?
   नहीं माँ ,भैया कह रहे थे कि हम तीनों भाई और दीदी
  सब मिलकर कहीं एक जगह जाएंगे दो -तीन दिन के लिए ..घूमना भी हो जाएगा और गेट टुगेदर भी ।
अरे तो वो सब यहाँ अपने ,खुद के घर भी तो आ सकते हैं न, क्यों पहले भी तो हम सब साथ रहते थे न इसी घर में ,कितनी धमाचौकड़ी मचाते थे तुम लोग दिन भर और नीला ,तेरी दीदी वो तो बात-बात में रूठ जाती थी ,और फिर तुम सब मिलकर उसे कैसे मनाते थे।
   नहीं माँ ,भैया कह रहे थे कि किसी रिसोर्ट में चलेंगे
    यहाँ कहाँ इतनी जगह है ...भाभियाँ ,बच्चे सभी तो होंगे ...आजकल तो सभी को अलग कमरे चाहिए होते हैं न ..
  सुधा बोली ,ठीक है ,जैसा तुम लोगों को अच्छा लगे ..
    और फिर रोज फोन पर राघव अपने भाइयों के साथ इस गेट टुगेदर के बारे में बात करता , वार्तालाप के कुछ अंश उसे भी सुनाता । जाने का दिन व समय तय हो गया , एक अच्छे से रिसोर्ट में सबके अलग -अलग कमरे बुक हो गए ।राघव ने उसे बताया ..माँ तुम्हारे लिए भी अलग कमरा बुक करवाया है भैया नें । दो दिन सब साथ रहेगें ,कितना मजा आएगा न ,राघव नें कहा।
   राघव उसका सबसे छोटा बेटा ,अभी पढाई कर रहा है ,वो और राघव अभी यहीं अपने घर में रहते है ।बच्चों के पिताजी तीन साल पहले ही हम सबको अलविदा कह गये । दोनों बडे बेटे अपने अपने परिवार को लेकर दूसरे शहरों म़े रहते है ।बेटी अपने ससुराल म़े सुखी है ,ओर क्या चाहिए उसे ।
    आखिर गेट टुगेदर के लिए जाने का दिन आ गया ..
   मैं भी तैयार थी मन में बहुत खुशी थी ,सब बच्चे एक साथ जो होंगे । मेरा बैग तैयार था , चलते वक्त राघव बोला ,माँ क्या भरा है इसमें जो इतना भारी है ...
अरे कुछ नही बेटा ,थोड़ी गुजिया ,मठरी ,सेव बना कर लिए है ,तेरे भाइयों और दीदी को बहुत पसंद है न ।
  आखिर चार घंटे के सफर के बाद हम पहुँचे गन्तव्य को ....सब बच्चों ने आकर जब पैर छुए तो ,बरबस खुशी के आँसू निकल पडे । बेटे ,बहुएँ ,पोते -पोतियाँ ....कितना अच्छा लग रहा है ..उसनें मन ही मन सोचा ,कहीं नज़र न लग जाए मेरे परिवार को ।
उसके बाद बडे़ बेटे ने कहा ..चलो अब बहुत थक गए होंगे सब ,सब अपने अपने कमरों में आराम करते हैं ।शाम को फिर मिलेंगे । सुधा की समझ कुछ नही आया ,सोचने लगी पहले तो जब सब मिलते थे तब साथ बैठकर कितनी बातें करते थे रात देर तक कोई थकता  ही
नहीं था । चलो ,शाम को इकट्ठे होगें सोचते हुए वो भी अपने कमरे में आ गई । उसकी आँखो को भी नीँद ने आ घेरा ।
  माँ ...तुम्हारी चाय यहीं मँगवा ली है ,तुम यहीं आराम करो ...नीला ने कमरे में प्रवेश करते हुए कहा ...और सब कहाँ हैं ,मैंने पूछा ... सब नीचे हैं ..फिर बोली रात को फेमेली फोटो सेशन करेगें माँ ..अच्छी सी साडी़ पहन के तैयार होना माँ.....
    रात को खाने के समय सबने अपने अपने कैमरे से फोटो लेना शुरु किया ....और फिर सब अपने.अपने सेल फोन में लगे शेयर करने ,सिलसिला शुरु हुआ ,किसके कितनें लाइक्स ,कितने शेयर ...किसे अच्छे कमेन्ट्स मिले ...किसी को भी एक दूसरे के साथ बैठकर भी बात करनें की फुरसत नहीं थी ....
सुधा मन  ही मन सोच रही थी ....ये कैसा गेट टुगेदर ........इसे स्नेह मिलन तो नही कहा जा सकता ...
वो धीरे से कुर्सी से उठी ,और अपने कमरे की ओर चल दी .........आकर पलंग पर बैठ कर एक गहरी साँस ली कि अचानक उसका हाथ लगा ,टेबल पर रखा बैग नीचे गिर गया ...अदंर रखे गुजिया, मठरी ,सेव सब चूर चूर हो गए ........
   
शुभा मेहता
12oct 2017
   
  

Tuesday 31 October 2017

आडंबर....

   खिड़की से देखती हूँ
    चंदा ,सूरज , तारे
   दूर -दूर तक गगन विशाल
    कितने सुंदर !!
    ऊँची -ऊँची अट्टालिकाएँ
   रंगी हुई ,खूबसूरत रंगों से
     दौड़ती कारें , बड़ी -बड़ी गाड़ियाँ
     एक दूसरे से ,रेस लगाते हुए ..
    सब बेजान हैं
    पर ,करते हैं आर्कषित
   अपनी चमक से 
  बाहरी चमक
   बाहरी हँसी
  सब आडंबर ....
   पर खिड़की के अंदर ....
   है जो मन की खिड़की
   वहाँ ..सब कुछ अलग सा
   रंगहीन ,उदास ..
    कुछ घावों के निशान
    कुछ अपनों के दिए
    कुछ परायों के ......
     इति...
 
   शुभा मेहता
   31oct ,2017
 

   
   

Saturday 28 October 2017

पहचान

कौन  हूँ मैं ?
आज उम्र के
इस मोड़ पर आकर भी
ढूँढ रही हूँ
अपनी पहचान
क्या है मेरा वजूद
क्या एक नाम ही
काफी नहीं ?
या फिर 
होना एक हिन्दुस्तानी
  बस इतना ही बहुत है
  मेरे लिए
एक गर्वित हिन्दुस्तानी
क्यों उलझ जाते हैं हम
  प्रांतवाद ,जातिवाद के
चक्कर मे...
इक इंसान होना काफी नह़ी
बस बना ली हैं
दीवारें..
मजहब की ,
भाषा की
दीवारें ही दीवारें
इन सबकी
भूलभुलैया में
खोती जा रही
इंसानियत कहीं
चलो फिर से
थोडी
ही सही
कोशिश करें , गिरादें
ये मानव निर्मित दीवारें
चलो चलें......।

    शुभा मेहता
    28th Oct ,2017

Monday 22 May 2017

विश्वास....

   अटकूं कहीं तो
    इशारा करता है तू ही
    भटकूं कहीं तो
     साथ देता है तू ही
     आकांक्षाएं , एक के बाद एक
      बढ़ती चली जाती
      पाने की लालसा में
     लगती हैं ठोकरें भी
    हर वक्त  ,ठोकर खाने के बाद
   हाथ थामता है तू ही
  कभी -कभी तो
   आकाश छूना होता है मुझे
   तब तू ही कहता है
  कोशिश कर , र कोशिश
   अनवरत.......
  न रोक पाएगा
  कोई तुझे
   आगे बढ़..
    तू जो दे सकता है
    वो कहाँ और कोई
    दे सकता
  . दिखाई देता नहीं
     पर रहता है साथ सदा
     मेरा विश्वास ....
   
         शुभा मेहता
        22May , 2017
  

Wednesday 10 May 2017

आत्म भ्रमण

  मन ने कहा ,चलो आज
   चलोगी आत्म भ्रमण पर
    मैं बोली क्यों नही
     सबसे पहली मुलाकात
     स्वयं के अहम् से
     गुफ्तगू हुई
     शायद इसी के
    कारण उलझनें हैं कई
     चाहा छोड़ दूँ राह पर इसे
     कम्बख्त ,छोड़ता ही नहीं
      साथ ही चला वो
       आगे मिला क्रोध ..
        बना दिया है
       जिसने कइयों को
         नाराज़ , खुद को बीमार
        फिर टकराए .ईर्ष्या ,द्वेष
       न खुद रहते चैन से ,न रहने देते
        कब से खोज रही थी
        जिस निर्मल प्रेम को
        देखा तो दुबका बैठा था
       इक कोने में
        जगाया , झकझोर के उठाया
          कहा ,जागो ....
       आज दुनियाँ को
       सबसे अधिक जरूरत है
        तुम्हारी ,चलो
        बना दो जग को    
       प्रेममय ,छेड़ो कोई
         तान मधुर
        सब रंग जाएँ
         रंग तुम्हारे ......
          मैं भी ....।
        
           शुभा मेहता
         10 May ,2017
        
        

Monday 1 May 2017

मजदूर....


सिर पर ईंटों को ढोता
  चिलचिलाती धूप हो
  या आँधी -तूफान
    बरस रहा हो या
   मेघ अविरत...
    करना है
    उसे तो काम
    रोटी का सवाल है भाई
    उसका छोटा बच्चा भी
    दो ईंटें उठाए
     चल रहा पीछे -पीछे
     ढीली चड्डी
   खिसकती जाती
   पकड़ नहीं पाता
    हाथ जो बोझ से लदे हैं
    बहती नाक और पसीना
     एक हुआ जाता
      बनाता आशियाना
     औरों का
     खुद का पता नहीं
    कभी यहाँ ,कभी वहाँ
    शायद इधर -उधर में
     जीवन पूरा हो जाएगा
    उसे तो  पता भी न होगा
   मजदूर दिवस है आज.....
   
        शुभा मेहता
     1st May ,2017

Tuesday 21 March 2017

प्रयास

   मैंने कुछ सीखा आज
     एक मकड़ी से
   निरन्तर प्रयास करते रहना
     जुट जाना जी जान से
     चाहे , कोई कितनी ही बार
     उजाड़ दे आशियाना
       फिर-फिर  प्रयास
        कामयाबी की ओर
        सुबह-सुबह जब देखा
        एक मकड़ी बुन रही है जाला
        अरे ,हटाओ इसे
        कित्ता गन्दा है
         बस जरा सा मौका मिला
       बुनने लगती हैं
       झट दौड़ कर ले आई झाड़ू
     पट से  हटा दिया
       ये न सोचा किसी का आशियाना था वो
      सोचा, उनका ब्लड प्रेशर नहीं बढ़ता होगा
     या फिर डिप्रेशन ?
      मनुष्यों की तरह ?
      क्या होता होगा
    उनका भी कोई डॉक्टर ?
      पता नहीं
     अब पता भी कैसे लगे
     बेजुबां हैं वो तो .....
      शाम को देखा
     फिर वही मकडी़....
   उसी जोश के साथ
   बुनने में लगी थी
     आशियां अपना
  . . सीखा बहुत कुछ .....।

Wednesday 8 March 2017

नारी दिवस

  नही..... आज कुछ नहीं लिखा
    महिला दिवस के उपलक्ष में
     नारी ,शक्ति है ,दुर्गा है
       सहनशीलता की मूरत है
       कुछ नहीं लिखा
     बस पढ़ रही हूँ
      कुछ ऐसे ही ..   संदेश
      कुछ महिलाओं को
      अपनी सफलता पर
     मिले हुए सम्मान
     कुछ गरीब .....
     महिलाओं पर उतारी गई फिल्में
     कैसे जीती हैं वो
      ये दिखाया गया
     सच...
   पर होगा क्या इससे
    प्रश्न यही व्यथित कर रहा
     क्या इससे सुधरेगी
      उनकी दशा ?
    सदियों से सब ऐसे ही
    है चल रहा
    अगले वर्ष फिर
     दोहराया जाएगा
     यही सभी कुछ
    पर शायद
    रहेगा सब
    जस का तस..।
     
          शुभा मेहता
         8th March ,2017

Friday 24 February 2017

औकात...

ब्रांडेड जूते, चप्पलों से
  ठसाठस भरती जा रही
    जूतों की अलमारी
     बेचारे सादे
     बिना ब्रांड के
     पुराने चप्पल
     दबे जा रहे थे
    दर्द के मारे
       कराह रहे थे
      तभी ,इठलाती
    इक ब्रांडेड जूती बोली
    यहाँ रहोगे तो ऐसे
    ही रहना होगा दबकर
    देखो ,हमारी चमक
  और एक तुम
   पुराने गंदे ...हा....हा....
    फिर एक दिन
    पुरानी जूतों की शेल्फ
    रख दी गई बाहर
    रात के अँधेरे में
    चुपचाप पुराने चप्पल
     निकले और
    धुस गए अपनी
    पुरानी शेल्फ में
   अपनी "औकात"
जान गए थे ।
  
            शुभा मेहता
           24th feb .2017

Friday 10 February 2017

आज...

   जिंदगी के हर लम्हे  को
    मस्ती से गुजार लो
     जो आज है
    कल न होगा
      जी भर के जी लो
     आज खुशी से
      तो , कल
      हर पल
      यादगार होगा
       कल तो गया ,
        कल अभी आया नही
        अभी तो सिर्फ़
    आज है पास हमारे
     तो चलो ,
     जी भर के जी लें
   इन जादुई क्षणों को
     आज ........

            शुभा मेहता
           10th feb .2017

Tuesday 17 January 2017

अधिकार

अध्यापिका पढ़ा रही थी
     मौलिक अधिकार
    समानता का अधिकार ,
     स्वतंत्रता का अधिकार
     समझाया हर किसी को ,
     है अधिकार
      विचार व्यक्त करने का
      तो मैंने पूछा
     क्या हम भी अपने
    मन के विचार व्यक्त
    कर सकते हैं ?
     वो बोली डाँटते हुए
       चुप रहो ,कक्षा को
        डिस्टर्ब मत करो
       मैं  बेचारी कुछ
      समझ न पाई
      घर जाके
     पूछा माँ से
     माँ ..क्या हम सभी को है
     अधिकार अपने
      विचार व्यक्त करने का?
     है न माँ ?  सच है न ?
    माँ चुप ....
    मैं तब भी
   कुछ समझ न पाई .....